मेरठ: ललिता गौतम हत्याकांड में अखिलेश यादव से मिला पीड़ित परिवार, हरसंभव आर्थिक, कानूनी और राजनीतिक मदद का आश्वासन
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दलित एक्टिविस्ट डॉ. सुशील गौतम के नेतृत्व में पीड़ित परिवार ने मुलाकात की। इस दौरान
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
मेरठ/लखनऊ: ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दलित एक्टिविस्ट डॉ. सुशील गौतम के नेतृत्व में पीड़ित परिवार ने मुलाकात की। इस दौरान डॉ. सुशील गौतम ने अखिलेश यादव को पूरे प्रकरण की जानकारी दी।
बताया गया कि अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें भावुकता से गले लगाया और आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी तथा वह स्वयं हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
मुलाकात के दौरान 8 जुलाई 2026 को मेरठ में दलित महापंचायत के दौरान हुए घटनाक्रम और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया गया। जानकारी के अनुसार, मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई की शिकायत उत्तर प्रदेश के डीजीपी से किए जाने की बात कही गई। यह शिकायत पार्टी पदाधिकारियों, पीड़ित परिवार और डॉ. सुशील गौतम के नेतृत्व में की जाएगी।
साथ ही, प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों को झूठा बताते हुए उन्हें निरस्त कराने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ने की भी बात कही गई।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की तथा भविष्य में आर्थिक, कानूनी और राजनीतिक सहयोग जारी रखने का भरोसा दिया।
इस मुलाकात में मुख्य रूप से सांसद इकरा हसन, हेमंत प्रधान, विनय राज सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।