कांग्रेस ने संगठन में किया बड़ा फेरबदल, यूपी की जिम्मेदारी राजेंद्र पाल गौतम को
नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को अपने संगठन में अहम बदलाव किए हैं।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को अपने संगठन में अहम बदलाव किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कई राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
जारी आदेश के अनुसार, संजय दत्त को हरियाणा, लालजी देसाई को ओडिशा तथा राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) प्रभारी नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी पहले अविनाश पांडे के पास थी।
राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं और पूर्व में आम आदमी पार्टी के सदस्य थे। अब उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वर्ष 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने बी.वी. श्रीनिवास को कांग्रेस सेवा दल का मुख्य आयोजक (चीफ ऑर्गेनाइज़र) नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन में किया गया यह फेरबदल कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। वहीं, बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजेंद्र पाल गौतम को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।