बाबरी में झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की टेढ़ी नजर, तीन दिन में कागज दिखाने की चेतावनी
बाबरी क्षेत्र में बिना वैध डिग्री और जरूरी दस्तावेजों के चिकित्सा कार्य करने वाले कथित झोलाछाप चिकित्सकों
8NewsNetwork

बाबरी में क्लीनिकों की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
बाबरी क्षेत्र में बिना वैध डिग्री और जरूरी दस्तावेजों के चिकित्सा कार्य करने वाले कथित झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाबरी कस्बे में पहुंचकर कई क्लीनिकों का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर कुछ कथित चिकित्सक मौके से चले गए, जबकि कुछ ने टीम के समक्ष अपनी डिग्री, प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए। टीम ने ऐसे लोगों को तीन दिन का समय देते हुए सीएमओ शामली कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दस्तावेज दिखाने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज वैध पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं, निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने या दस्तावेज फर्जी पाए जाने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई के साथ मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉक्टर दीपक चौधरी, वेदपाल सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेज चिकित्सा कार्य करने वालों में हड़कंप मचा रहा।