जमुई में नाबालिग छात्रा से यौन उत्पीड़न का मामला, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न का वीडियो वायरल
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मुंगेर रेंज के डीआईजी राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी हरिराम यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में कुल पांच आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनमें तीन नाबालिग हैं। तीनों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मामला 19 सितंबर की शाम का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दो नाबालिग छात्र-छात्रा स्कूटर पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और कुछ युवकों की भीड़ उन्हें घेरती नजर आती है। वीडियो में छात्रा के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने और छात्र द्वारा उसे बचाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, 21 सितंबर को वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पीड़ितों की पहचान कर उनका बयान दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि दोनों छात्र-छात्रा कोचिंग के लिए गए थे और बाद में फोटोशूट के लिए उस क्षेत्र में पहुंचे थे। पीड़ितों की ओर से आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।