Politics
शाह कुलीपुर समिति में भ्रष्टाचार के आरोप, सचिव के तबादले की मांग तेज; कार्रवाई न होने पर विशाल धरने की चेतावनी
मेरठ। शाह कुलीपुर समिति के लू-बक्सर स्थित खाद गोदाम में कथित भ्रष्टाचार, किसानों के शोषण, खाद वितरण में अनियमितताओं तथा निजी दवाइयों की बिक्री के आरोपों को लेकर ग्रामीणों और किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
8NewsNetwork
15 June 2026 at 08:28 pm

Media via 8NewsNetwork
मेरठ। शाह कुलीपुर समिति के लू-बक्सर स्थित खाद गोदाम में कथित भ्रष्टाचार, किसानों के शोषण, खाद वितरण में अनियमितताओं तथा निजी दवाइयों की बिक्री के आरोपों को लेकर ग्रामीणों और किसानों में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार को समस्त ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी मेरठ को एक विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खाद वितरण व्यवस्था में गंभीर अनियमितताएं हैं तथा किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। शिकायत में डॉक्टर भूप की भूमिका की जांच करने और सचिव गंगावीर के लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत रहने की समीक्षा कर उनका स्थानांतरण करने की मांग भी की गई है।
शिकायत पत्र सौंपने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर चेतावनी दी कि यदि सचिव गंगावीर का तबादला नहीं किया गया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान और ग्रामीण जल्द ही बड़ा धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से किसानों के हितों की रक्षा करने, खाद वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस दौरान अनमोल गर्ग, गुड्डू प्रधान, पिंटू नागर, लीलू नागर, कान्ति प्रसाद, आदेश, अमन नागर, हरी कृष्ण, प्रियंक, विकास, राजू, योगेंद्र नागर, मने नागर, उदयपाल, भीम नागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान मौजूद रहे।
Related Category
Politics