मोदी-वेंस की फोन पर बातचीत पर पवन खेड़ा का निशाना, रूस से तेल खरीद पर अमेरिकी प्रतिबंधों को लेकर उठाए सवाल
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच शनिवार रात फोन पर हुई बातचीत को लेकर कांग्रेस................
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच शनिवार रात फोन पर हुई बातचीत को लेकर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार से सवाल किया है। खेड़ा ने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि बातचीत के दौरान भारत के हितों और रूस से तेल-गैस खरीद पर संभावित अमेरिकी प्रतिबंधों के मुद्दे को मजबूती से उठाया गया या नहीं।
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि देश को इस बात से कोई मतलब नहीं है कि प्रधानमंत्री रात में किससे ‘गुड नाइट’ कॉल करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने अमेरिकी सीनेट से पारित ‘लिंडसे ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट 2026’ पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति से चर्चा की।
खेड़ा ने दावा किया कि प्रस्तावित अमेरिकी कानून के तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों के आयात पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि भारत भी रूस से ऊर्जा आयात करने वाले देशों में शामिल है और ऐसे में भारतीय व्यापार पर इसका असर पड़ सकता है। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री से यह स्पष्ट करने की मांग की कि बातचीत के दौरान उन्होंने भारत के हितों की मजबूती से पैरवी की या नहीं।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जेडी वेंस के साथ फोन पर हुई बातचीत की जानकारी दी थी। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब अमेरिकी सीनेट रूस पर नए प्रतिबंधों से जुड़े एक विधेयक को पारित कर चुकी है।
रूस से भारत के कच्चे तेल के आयात को लेकर पहले भी अमेरिका की ओर से दबाव और संभावित प्रतिबंधों का मुद्दा चर्चा में रहा है। ऐसे में मोदी और वेंस की बातचीत के दौरान इस विषय पर चर्चा हुई या नहीं, इसे लेकर विपक्ष ने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।