राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- 'इनके लिए धर्म नहीं, धन प्राथमिकता'
प्रयागराज में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बोले सपा प्रमुख- 'नेशन फर्स्ट नहीं, डोनेशन फर्स्ट की राजनीति कर रही है बीजेपी
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
प्रयागराज। अयोध्या के श्रीराम मंदिर के दानपात्र से कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला। प्रयागराज में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सरकार पर धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी के शब्दकोश में न धर्म है, न शर्म। इनके लिए प्राथमिकता धर्म नहीं, धन है। इनके लिए 'नेशन फर्स्ट' नहीं, बल्कि 'डोनेशन फर्स्ट' है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में गंभीर लापरवाही और अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा, "क्या कोई कल्पना कर सकता था कि श्रद्धा और आस्था के साथ इतना बड़ा खिलवाड़ होगा? इनकी चतुराई और चालबाज़ी देखिए। सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिससे पता चलता है कि कैमरे कई बार बंद किए गए। इसके आंकड़े भी सामने आए हैं। अब और क्या बताया जाए।"
सपा प्रमुख ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण ने लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई है।
गौरतलब है कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्र से कथित चढ़ावा चोरी के मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।