ईडी की कार्रवाई के बीच हरीश रावत ने कांग्रेस के अहम पदों से दिया इस्तीफा
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो महत्वपूर्ण पदों से हटने का फैसला किया है। रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है।
हरीश रावत ने शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबी पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। यह कदम ऐसे समय आया है, जब हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके सहयोगी चंदन सिंह जीना से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी।
रावत ने कहा कि मीडिया में उनके सहयोगी के घर से बड़ी मात्रा में नकदी और जूलरी बरामद होने की खबरें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई जल्द सामने आ जाएगी।
अपने पोस्ट में रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि यदि उनके किसी कृत्य से पार्टी के इस संघर्ष को किसी तरह की कमजोरी पहुंचती है, तो वह ऐसा नहीं चाहते।
रावत ने कहा कि वह किसी सरकारी पद पर नहीं हैं, इसलिए सरकारी पद से इस्तीफे का सवाल नहीं है। हालांकि, पार्टी के दोनों पदों से वह विनम्रतापूर्वक हटना चाहते हैं, ताकि उनके कारण कांग्रेस के संघर्ष में कोई कमजोरी न आए।
हरीश रावत का यह फैसला उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आया है। ऐसे में उनके इस्तीफे को प्रदेश कांग्रेस की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Source: सोशल मीडिया पोस्ट/समाचार एजेंसी रिपोर्ट