सीनेट के ‘वॉर पावर्स एक्ट’ पर ट्रंप की नाराज़गी, बोले- इससे दुश्मन को गलत संदेश गया
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सीनेट द्वारा ‘वॉर पावर्स एक्ट’ से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर तीखी
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सीनेट द्वारा ‘वॉर पावर्स एक्ट’ से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि इस फैसले ने ईरान को गलत संदेश दिया है और उनकी रणनीति को नुकसान पहुंचाया है।
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान लगभग हार मानने की स्थिति में था और अमेरिका की शर्तें स्वीकार करने को तैयार था। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद ईरान अमेरिका और उनके नेतृत्व का सम्मान कर रहा था, लेकिन इसी दौरान सीनेट में ‘वॉर पावर्स एक्ट’ पर मतदान कराया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम से दुनिया में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश को यह संकेत गया कि अमेरिका उनकी कार्रवाई का समर्थन नहीं कर रहा है।
ट्रंप ने कहा कि कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट्स का साथ देकर उनकी स्थिति को कमजोर किया। उन्होंने इसे अपने काम में बाधा बताते हुए कहा कि इसके बावजूद वह अपना लक्ष्य पूरा करेंगे।
दरअसल, अमेरिकी सीनेट ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित किया, जिसके तहत राष्ट्रपति को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखने से पहले कांग्रेस की मंजूरी लेने का निर्देश दिया गया है।
इस फैसले को ट्रंप के लिए राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि सीनेट में उनकी रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत है और मतदान के दौरान कुछ रिपब्लिकन सांसद विपक्ष के साथ खड़े दिखाई दिए।