वाहन चोर गिरोह का खुलासा, आठ आरोपी गिरफ्तार, तीन बाल अपचारी भी अभिरक्षा में
शामली। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
शामली। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना थानाभवन, कांधला और कोतवाली शामली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 23 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, टायर, एलॉय व्हील और कई नंबर प्लेट बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों को वाहन चोरों की तलाश और बरामदगी के लिए लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को वाहन चोरी से जुड़े आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में थाना थानाभवन क्षेत्र के अजय उर्फ जीता, शेखर, सावन और इस्लाम उर्फ टक तथा अन्य आरोपी शामिल हैं। इनके अलावा कांधला और कोतवाली शामली क्षेत्र से जुड़े आरोपियों को भी कार्रवाई में पकड़ा गया है। पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया है।
बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स, टीवीएस स्टार सिटी, बजाज पल्सर, टीवीएस अपाचे और अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस ने कई वाहनों के नंबर और इंजन-चेसिस नंबर की जांच ई-चालान एप के माध्यम से की। जांच में कुछ वाहन चोरी से संबंधित मुकदमों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे। चोरी किए गए वाहनों को आगे बेचने या उनके पार्ट्स निकालने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी में थाना थानाभवन और थाना कांधला क्षेत्र से संबंधित वाहन भी शामिल हैं। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से भी बरामद वाहनों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने वाहनों को चोरी किया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई में थाना थानाभवन, थाना कांधला और थाना कोतवाली शामली की पुलिस टीमों की भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।