ग्रेटर नोएडा: संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को वीर विराट एसोसिएशन का समर्थन, सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग
ग्रेटर नोएडा में वीर विराट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अभिषेक ने संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
ग्रेटर नोएडा: वीर विराट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अभिषेक ने संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संयुक्त मोर्चा किसी भी प्रकार से अकेला नहीं है और संगठन तन, मन व धन से उसके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।
डॉ. अभिषेक ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन यह सोच रहा है कि संयुक्त मोर्चा अकेला है, तो यह उसकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल कुछ लोगों का नहीं, बल्कि पूरे सफाई कर्मचारी समाज और श्रमिक वर्ग के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई है तथा अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी सामाजिक संगठनों, कर्मचारी संगठनों और यूनियनों से संयुक्त मोर्चा के समर्थन में आगे आने की अपील की। साथ ही कहा कि जब तक कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सभी सफाई कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन करें।
वीर विराट एसोसिएशन ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से वर्ष 2010 तथा उससे पहले नियुक्त सभी सफाई कर्मचारियों को स्थायी (परमानेंट) करने तथा उनकी वाजिब वेतन संबंधी मांगों को शीघ्र स्वीकार करने की मांग की है।
डॉ. अभिषेक ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी की गई, तो आंदोलन और अधिक व्यापक होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं प्राधिकरण की होगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी एकता और शक्ति का लोकतांत्रिक प्रदर्शन कर रहे हैं और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।