पश्चिम बंगाल में आंधी-बारिश का कहर, बिजली गिरने से दो की मौत, आठ घायल
कोलकाता, बुधवार। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
8NewsNetwork

पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान और भारी बारिश के बीच सड़क पर गिरा पेड़।
कोलकाता, बुधवार। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। विभिन्न जिलों में बिजली गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। मौसम की मार से राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में यातायात और दैनिक गतिविधियां प्रभावित रहीं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, कूचबिहार जिले के शीतलकुची ब्लॉक में बिजली गिरने से मेनका बर्मन नामक महिला की मौत हो गई। वहीं, जिले के सुटकाबाड़ी क्षेत्र में खेत में काम कर रहे 20 वर्षीय अरमान हुसैन की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इसके अलावा, पुरुलिया जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए पुरुलिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। बारिश और आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
कलकत्ता हाईकोर्ट परिसर में भी एक बड़ा पेड़ गिरने से वहां खड़ी कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई स्थानों पर बिजली के तार टूटने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा भारी बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, कोलकाता, हावड़ा और दक्षिण 24 परगना जिलों में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।