Crime
ओमपाल सिंह प्रकरण में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग सख्त, हापुड़ डीएम और एसपी से मांगी रिपोर्ट
हापुड़। हापुड़ निवासी ओमपाल सिंह की शिकायत पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने गंभीर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से जवाब तलब किया है।
8NewsNetwork
18 June 2026 at 10:02 pm

Media via 8NewsNetwork
हापुड़। हापुड़ निवासी ओमपाल सिंह की शिकायत पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने गंभीर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से जवाब तलब किया है। आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) हापुड़ को निर्देश दिया है कि मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए।
शिकायत के अनुसार 21 मई 2026 को ओमपाल सिंह का कथित रूप से अपहरण कर उनके साथ मारपीट की गई थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना में उनकी पसलियों में फ्रैक्चर सहित कई गंभीर चोटें आईं। साथ ही उनके साथ जातिसूचक टिप्पणियां करने, अमानवीय व्यवहार, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पीड़ित का आरोप है कि मामले में पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, हत्या के प्रयास तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत उचित कार्रवाई नहीं की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित चौकी प्रभारी द्वारा उनकी निजी एवं गोपनीय जानकारी सार्वजनिक कर दी गई, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने मामले को गंभीर बताते हुए हापुड़ प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। आयोग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए तलब किया जा सकता है।
उधर, पीड़ित ओमपाल सिंह और उनके परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा न्याय दिलाने की मांग की है। आयोग की इस कार्रवाई के बाद मामले को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
Related Category
Crime