भारत ने रचा इतिहास: निजी रॉकेट 'विक्रम-1' का सफल प्रक्षेपण, स्काईरूट एयरोस्पेस की बड़ी उपलब्धि
भारत के पहले निजी ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 का श्रीहरिकोटा से सफल प्रक्षेपण हुआ। इस उपलब्धि के साथ भारत निजी ऑर्बिटल लॉन्च क्षमता वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। देश के पहले निजी ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 का आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित लॉन्च सेंटर से सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया। रॉकेट को दोपहर 12:05 बजे लॉन्च किया गया। इससे पहले सुबह 11:30 बजे निर्धारित लॉन्च को उड़ान से लगभग पांच मिनट पहले तकनीकी कारणों से रोक दिया गया था। कुछ देर बाद प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई और मिशन सफल रहा।
सफल लॉन्च के बाद इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने हैदराबाद स्थित स्पेस स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की भी प्रशंसा की और कहा कि मात्र आठ वर्ष पहले शुरू हुई एक स्टार्टअप कंपनी ने पहली ही कोशिश में ऑर्बिटल लॉन्च व्हीकल विकसित कर सफल मिशन पूरा किया।
स्काईरूट एयरोस्पेस के सीओओ और सह-संस्थापक नागा भरत डाका ने इसे भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस सफलता के साथ भारत निजी क्षेत्र की ऑर्बिटल लॉन्च क्षमता रखने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया है।