विदाई के दौरान बवाल: बारातियों-घरातियों पर पथराव, ग्राम प्रधान समेत 10 पर मुकदमा
मेरठ, रविवार। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पाबली खास गांव में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन की विदाई के समय विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों और घरातियों पर कथित रूप से हमला कर दिया गया।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मेरठ, रविवार। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पाबली खास गांव में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन की विदाई के समय विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों और घरातियों पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। मारपीट और पथराव की घटना से मौके पर भगदड़ मच गई, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी यूनुस की बेटी की बारात शनिवार को कंकरखेड़ा क्षेत्र से आई थी। दिनभर शादी की रस्में शांतिपूर्वक चलती रहीं, लेकिन शाम के समय ग्राम प्रधान असलम के बेटे शाकिर और कुछ अन्य लोगों के दुल्हन पक्ष के परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि देर रात विदाई के दौरान प्रधान पक्ष के कुछ लोग दोबारा मौके पर पहुंचे और बारातियों तथा घरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जमकर पथराव किया गया, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। घटना में पांच से छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए। सुरक्षा व्यवस्था के बीच देर रात दुल्हन की विदाई कराई गई।
घटना के बाद दुल्हन के चचेरे भाई नासिर पुत्र यूनुस ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ग्राम प्रधान असलम, उसके बेटे शाकिर सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में फैजान, कल्लू, आदिल, फैसल, चांद, रिहान, नदीम और शहजाद के नाम भी शामिल हैं।
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट और पथराव के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ग्राम प्रधान असलम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह झगड़े के दौरान बीच-बचाव कर रहे थे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जांच में उनकी बेगुनाही सामने आ जाएगी।