सत्यनारायण पूजा के बाद 100 से ज्यादा लोग बीमार, उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत
सहरसा (बिहार)। बिहार के सहरसा जिले के सरडीहा गांव में सत्यनारायण पूजा के बाद 100 से ज्यादा लोगों के बीमार...........
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
सहरसा (बिहार)। बिहार के सहरसा जिले के सरडीहा गांव में सत्यनारायण पूजा के बाद 100 से ज्यादा लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। बीमार लोगों में उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत बताई जा रही है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और लोगों का इलाज शुरू किया।
सहरसा के सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बताया कि लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने पर सबडिविजन अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोगों का उपचार गांव में ही किया जा रहा है, जबकि एक-दो बच्चों की हालत अधिक खराब होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
सिविल सर्जन के अनुसार, अलग-अलग घरों के लोग बीमार हुए हैं, इसलिए अभी मरीजों की सटीक संख्या बताना मुश्किल है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 100 से अधिक लोग बीमार पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लोगों के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह क्या है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सत्यनारायण पूजा के बाद प्रसाद खाने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इसे फूड पॉइजनिंग का मामला नहीं माना है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही बीमारी के कारणों का पता चल सकेगा।