कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 11 की मौत; पांच घायल
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसा प्रयागराज-कौशांबी सीमा के पास स्थित मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि पूरी पटाखा फैक्ट्री ढह गई। इसके अलावा करीब 100 मीटर के दायरे में स्थित कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि घटना के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया। उनके अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन अब लगभग पूरा हो चुका है।
डीएम ने बताया कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसमें संपत्ति जब्त करने जैसी कार्रवाई भी शामिल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।