बदायूं: अंबेडकर प्रतिमा विवाद में पथराव, 12 वाहन क्षतिग्रस्त; 8 गिरफ्तार, ग्रामीणों ने पुलिस पर घरों में घुसकर ज्यादती का लगाया आरोप
बदायूं, यूपी: बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
बदायूं, यूपी: बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर मंगलवार को विवाद बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस-प्रशासन के बीच पथराव हुआ, जिसमें लगभग 12 वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है।
सुबह कुछ लोगों ने राजस्व अभिलेखों में खलिहान दर्ज सरकारी जमीन पर प्रतिमा रखने और चबूतरा बनाने का प्रयास किया। पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दो पुलिसकर्मियों ने पहले से रखी अंबेडकर प्रतिमा को गिरा दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। इसके विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठ गए और DM-SSP को मौके पर बुलाने की मांग की।
शाम करीब 7:30 बजे स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस-प्रशासनिक टीम पर पथराव किया गया। इसमें SDM प्रियंका गोयल, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कई थानेदारों की गाड़ियों के अलावा PAC ट्रक, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस समेत 12 वाहन क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा।
देर रात DM अवनीश कुमार राय और SSP अंकिता शर्मा भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने 7-8 लोगों को हिरासत में लिया है। 32 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इधर, ग्रामीणों ने DM-SSP से मुलाकात कर पुलिस पर घरों में घुसकर तोड़फोड़ और ज्यादती करने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने मामले में पुलिस की कार्रवाई की जांच और आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में खलिहान दर्ज सरकारी जमीन पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती। प्रतिमा को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है और नियमानुसार उचित स्थान पर स्थापना की प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई है।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस और PAC तैनात है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।