18 साल बाद CSK से अलग हुए हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग, आपसी सहमति से खत्म हुआ ऐतिहासिक सफर
चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइज़ियों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइज़ियों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और टीम के लंबे समय से हेड कोच रहे स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। इसकी आधिकारिक जानकारी चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर साझा की।
फ्रेंचाइज़ी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह निर्णय स्टीफ़न फ़्लेमिंग और टीम मैनेजमेंट के बीच कई दौर की बातचीत के बाद लिया गया। इसके साथ ही लगभग 18 वर्षों से चला आ रहा उनका सफल सफर समाप्त हो गया।
स्टीफ़न फ़्लेमिंग 2008 में आईपीएल के पहले सीज़न में खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे। इसके बाद 2009 में उन्होंने टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली और अपने कार्यकाल में CSK को आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल कर दिया।
फ़्लेमिंग की कोचिंग में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 आईपीएल खिताब और 2 चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफियां जीतीं। उनकी अगुवाई में टीम 12 बार प्लेऑफ़ में पहुंची और 10 आईपीएल फ़ाइनल खेलकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, "स्टीफ़न फ़्लेमिंग हमारी फ्रेंचाइज़ी की यात्रा के सबसे अहम स्तंभों में से एक रहे हैं। करीब दो दशक तक उन्होंने टीम की पहचान, संस्कृति और जीत की मानसिकता को आकार दिया।"
वहीं, स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने भावुक संदेश में कहा, "स्पोर्ट्स में 18 साल बहुत लंबा समय होता है। मैं यहां से सिर्फ़ आभार के साथ जा रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे यादगार दौर रहा है और हमने जो कुछ हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है।"
फ़्लेमिंग के जाने के साथ ही अब चेन्नई सुपर किंग्स के नए हेड कोच को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। हालांकि, फ्रेंचाइज़ी ने अभी तक उनके उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान नहीं किया है।