मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, 2 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन करेगी सीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2 अक्टूबर को देशव्यापी आंदोलन करने का ऐलान किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू करने की बात कही।
अभिजीत दीपके ने कहा कि पार्टी 2 अक्टूबर को मुंबई से अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और इन मुद्दों के समाधान के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त का पद छोड़ना जरूरी है।
दीपके के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करना, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाना और 2025 की मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराना शामिल है। इसके साथ ही नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र संस्था का गठन करने की मांग भी की गई है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते। दीपके ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को रोकने और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।
मुंबई में प्रस्तावित यह प्रदर्शन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच होने जा रहा है।