ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’
मुंबई। मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2027) में
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मुंबई। मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2027) में भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। चयन समिति ने अलग-अलग भाषाओं की कुल 33 फिल्मों को देखने और विचार-विमर्श के बाद ‘गोंधल’ का चयन किया।
FFI चयन समिति के अध्यक्ष पी. शेषाद्री ने बताया कि पिछले 10 दिनों में 33 फिल्मों का मूल्यांकन किया गया। उन्होंने कहा कि कई फिल्में अच्छी थीं और उन पर चर्चा हुई। ‘गोंधल’ के साथ ‘अंघ’ और ‘इक्कीस’ शीर्ष तीन फिल्मों में शामिल रहीं।
संतोष दावखर के लेखन और निर्देशन में बनी ‘गोंधल’ की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में आधी रात को होने वाले पारंपरिक गोंधल नृत्य उत्सव के बीच सुमन की कहानी दिखाई गई है। सुमन एक दमनकारी वैवाहिक जीवन में फंसी है और अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचती है। इसके बाद दोनों भागने की योजना बनाते हैं। फिल्म में इशिता देशमुख मुख्य भूमिका में हैं।
भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजी गई 33 फिल्मों में यामी गौतम की ‘हक़’, आदित्य धर की ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’, ‘हनुमान अंश’ और फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ समेत कई फिल्में शामिल थीं।
बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में अब तक किसी भारतीय फिल्म को ऑस्कर पुरस्कार नहीं मिला है। इस श्रेणी में भारत की ‘मदर इंडिया’, ‘सलाम बॉम्बे’ और ‘लगान’ को नामांकन मिल चुका है। वहीं दीपा मेहता की ‘वॉटर’ को कनाडा की ओर से इस श्रेणी में भेजा गया था और उसे भी नामांकन मिला था।
99वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन 14 मार्च 2027 को किया जाएगा।
स्रोत: PTI श्रेणी: मनोरंजन / सिनेमा