Education
नीट-यूजी परीक्षा 21 जून को होगी, अफवाहों पर ध्यान न दें: एनटीए
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 के अभ्यर्थियों से परीक्षा को लेकर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील की है।
8NewsNetwork
18 June 2026 at 11:10 pm

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 के अभ्यर्थियों से परीक्षा को लेकर फैल रही अफवाहों से बचने की अपील की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को ही आयोजित की जाएगी और इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि परीक्षा अब केवल तीन दिन दूर है। एजेंसी ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत और पूरी तैयारी की है, इसलिए अब उन्हें अपने प्रयासों पर भरोसा रखते हुए शांत मन से परीक्षा देनी चाहिए।
एनटीए ने अपने संदेश में कहा, "शांत रहें, पर्याप्त आराम करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करें। आपसे बस यही अपेक्षा है।"
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा स्थगित होने संबंधी अफवाहों या सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। छात्रों को केवल एनटीए की आधिकारिक घोषणाओं और सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए।
एनटीए ने यह भी आश्वस्त किया कि परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 3 मई को आयोजित की गई नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक की आशंकाओं और विवादों के चलते रद्द कर दिया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी ने नई तिथि घोषित करते हुए परीक्षा 21 जून को कराने का निर्णय लिया था।
देशभर के लाखों छात्र अब इस महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे, जिसके परिणाम के आधार पर विभिन्न मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा।
Related Category
Education