जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाए गए सोनम वांगचुक, 21वें दिन टूटा अनशन स्थल का गतिरोध
नई दिल्ली, 18 जुलाई। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली, 18 जुलाई। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार तड़के दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित अनशन स्थल से पुलिस अस्पताल ले गई। वांगचुक 28 जून से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। शनिवार को उनका अनशन 21वें दिन में प्रवेश कर चुका था।
इस कार्रवाई के बाद सीजेपी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने वांगचुक को जबरन उठाकर अस्पताल पहुंचाया और प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्रों पर लाठीचार्ज भी किया। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि सुबह करीब सात बजे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से ले गए।
वहीं, जंतर-मंतर पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि सुबह डॉक्टरों की टीम के नाम पर कुछ लोग अंदर आए, लेकिन बाद में पता चला कि वे पुलिसकर्मी थे।
दूसरी ओर, नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्पष्ट किया कि दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
घटना के बाद जंतर-मंतर पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल सोनम वांगचुक अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में हैं।