23 दिन बाद खत्म हुई आइसा छात्रों की भूख हड़ताल, अब देशव्यापी अभियान की तैयारी
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन छात्र-कार्यकर्ताओं
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन छात्र-कार्यकर्ताओं नेहा, आमीन और मनीष की 23 दिनों से जारी भूख हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं और जनप्रतिनिधियों की अपील के बाद छात्रों ने अपना अनशन खत्म करने का निर्णय लिया।
आइसा के अनुसार, राज्यसभा सांसद मनोज झा, सांसद राजाराम सिंह और सांसद अमराराम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जंतर-मंतर पहुंचा। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, प्रोफेसर अतुल सूद, अभिनेता प्रकाश राज और अभिनेत्री शबाना आज़मी ने भी छात्रों से अनशन समाप्त करने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत के बाद छात्रों ने अपना अनशन समाप्त किया। सांसद मनोज झा ने कहा कि छात्रों के आंदोलन ने सरकार को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर किया है। वहीं, अभिनेत्री शबाना आज़मी ने कहा कि नई पीढ़ी का संघर्ष देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
आइसा ने बताया कि 23 दिनों की भूख हड़ताल के दौरान तीनों छात्रों का वजन 12 प्रतिशत से अधिक घट गया और ब्लड शुगर स्तर भी काफी नीचे चला गया, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा।
संगठन ने घोषणा की है कि संसद सत्र के दौरान धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और नई शिक्षा नीति-2020 से जुड़े मुद्दों को लेकर एक महीने का देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। आइसा का कहना है कि जंतर-मंतर पर उठाई गई मांगों को आगे बढ़ाने के लिए यह अभियान आयोजित किया जाएगा।