बुकावू में दो स्कूलों में भीषण आग, भगदड़ में 24 स्कूली बच्चों की मौत
300 से अधिक घर जलकर खाक, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बुकावू। पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के विद्रोहियों के कब्जे वाले बुकावू शहर में दो स्कूलों में आग लगने के बाद मची भगदड़ में कम से कम 24 स्कूली बच्चों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने गुरुवार शाम मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। हादसे में कुछ वयस्कों के भी मारे जाने की जानकारी सामने आई है।
यह दर्दनाक हादसा घनी आबादी वाले कदूतू इलाके में हुआ। आग तेजी से फैलने के कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्कूलों में मौजूद बच्चों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की। इसी दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
घटना में घायल लोगों और आग से बचने वाले लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सामने आए वीडियो में कई बच्चों को अस्पताल के फर्श पर दर्द से कराहते हुए देखा जा सकता है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
आग की चपेट में आने से करीब 300 घर भी जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। रॉयटर्स के मुताबिक, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन मलबे और टिन की चादरों से बने जले हुए ढांचों से काफी देर तक धुआं उठता रहा।
बुकावू दक्षिण किवू प्रांत की राजधानी है और पहाड़ियों पर बसा यह शहर डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के सबसे घनी आबादी वाले शहरों में शामिल है। पिछले साल फरवरी में एम23 विद्रोहियों ने बुकावू शहर पर कब्जा कर लिया था।
Source: Reuters