चीन के जूता कारखाने में भीषण आग, 28 लोगों की मौत; कई के फंसे होने की आशंका
बीजिंग: चीन के दक्षिण-पूर्वी शहर शिनजियांग में स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लगने से कम
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बीजिंग: चीन के दक्षिण-पूर्वी शहर शिनजियांग में स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, हादसे के बाद बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
शिन्हुआ द्वारा जारी वीडियो में फैक्ट्री की इमारत से आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई दिया। वहीं, कुछ लोग इमारत की छत पर फंसे हुए भी नजर आए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में "बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है।" उनके बयान से आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
यह हादसा फ़ुजियान प्रांत के शिनजियांग शहर में स्थित हुईतेंग फ़ुटवियर फ़ैक्ट्री में स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। शिनजियांग को चीन की "शू कैपिटल" के नाम से जाना जाता है और यह दुनिया के सबसे बड़े जूता निर्माण केंद्रों में शामिल है। अनुमान है कि वैश्विक स्तर पर बनने वाले लगभग 20 प्रतिशत फुटवियर का निर्माण इसी क्षेत्र में होता है।
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के मुताबिक, आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए करीब 500 राहत एवं बचावकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।