हापुड़: स्कूल में मिड-डे मील से लेकर जर्जर भवन तक गंभीर आरोप, प्रधानाध्यापक को 3 दिन में जवाब का नोटिस
यूपी: हापुड़ के धौलाना विकासखंड स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय हसनपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक तस्लीम अली खान के
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
यूपी: हापुड़ के धौलाना विकासखंड स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय हसनपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक तस्लीम अली खान के खिलाफ विभिन्न गंभीर शिकायतों के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) धौलाना ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस 9 सितंबर 2026 को जारी किया गया है।
शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत की ओर से मेरठ मंडल के आयुक्त को की गई शिकायत के आधार पर जारी नोटिस में मिड-डे मील (MDM) की मात्रा और गुणवत्ता में कमी, दूध में अधिक पानी मिलाने, मिलावटी खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल, बच्चों को निर्धारित भोजन के बजाय केवल दो-दो रोटी देने जैसे आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
रविकांत ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि विद्यालय में बच्चों के लिए शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते बच्चे स्कूल की दीवार पर पेशाब करने और शौच के लिए घर जाने को मजबूर होते हैं।
इसके अलावा, प्रवेश में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, अभिभावक हसनुद्दीन निवासी हसनपुर लोधा ने 4 अगस्त 2026 को BSA हापुड़ से शिकायत की थी कि छोटी-छोटी कमियां निकालकर बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाता। शोषित क्रांति दल का आरोप है कि छात्र संख्या कम रखने के लिए ऐसा किया जा रहा है, ताकि स्थायी प्रधानाध्यापक का पद सृजित/नियुक्त न हो और प्रभारी प्रधानाध्यापक की व्यवस्था बनी रहे।
नोटिस में विद्यालय के सहायक अध्यापक गजेंद्र के साथ जातीय आधार पर भेदभाव और प्रताड़ना के आरोप का भी उल्लेख है। शिकायत के अनुसार, गजेंद्र ने 23 जुलाई 2026 को BSA और BEO धौलाना से शिकायत की थी।
एसकेडी ने एक अन्य गंभीर आरोप 25 अगस्त 2026 की घटना से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, जर्जर भवन की छत का प्लास्टर गिरने से कक्षा-8 की छात्रा सोफिया के सिर में चोट आई। आरोप है कि उचित उपचार कराने के बजाय उसे घर छोड़ दिया गया। शिकायत में विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को ठीक नहीं कराने और इसे कर्तव्यों की उपेक्षा बताया गया है।
इन शिकायतों पर BEO धौलाना ने तस्लीम अली खान को निर्देश दिया है कि नोटिस प्राप्त होने के 3 दिनों के भीतर स्वयं उपस्थित होकर बिंदुवार लिखित स्पष्टीकरण और साक्ष्य प्रस्तुत करें। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं, शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने मेरठ मंडल के आयुक्त को शिकायत भेजकर तस्लीम अली खान को प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद से हटाने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतियां जिलाधिकारी हापुड़, मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई हैं।