34 करोड़ रुपये का 24 किलो सोना बरामद, सात तस्कर गिरफ्तार
कोलकाता/नदिया। खुफ़िया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बांग्लादेश सीमा से सटे चाकदह क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कोलकाता/नदिया। खुफ़िया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बांग्लादेश सीमा से सटे चाकदह क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलोग्राम सोना बरामद किया है। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत 34 करोड़ रुपये से अधिक है।
डीआरआई अधिकारियों के मुताबिक, खुफ़िया सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सातों आरोपी सात अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कृष्णनगर से चाकदह की ओर जा रहे थे। चाकदह के पास अधिकारियों ने उन्हें घेरकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों की कमर पर कपड़े से बनी विशेष बेल्ट मिली, जिसके भीतर छिपाकर रखे गए 180 गोल्ड बार बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि बरामद सोना विदेशी निर्मित है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह के लिए कैरियर के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने सीमावर्ती इलाके से सोना प्राप्त किया था और उसे कोलकाता पहुंचाने जा रहे थे।
डीआरआई अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां अब इस तस्करी नेटवर्क के सरगना और पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।