क्वेटा की कोयला खदान में बड़ा हादसा, 34 खनिकों की मौत
पाकिस्तान के क्वेटा जिले के सोरेंज इलाके में कोयला खदान हादसे में 34 खनिकों की मौत हो गई। सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
क्वेटा (पाकिस्तान)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा जिले के सोरेंज इलाके में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण हादसे में 34 खनिकों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार सभी शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य खनिकों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। यह इस वर्ष बलूचिस्तान में हताहतों की संख्या के लिहाज से सबसे बड़ा खदान हादसा बताया जा रहा है।
पीडीएमए के ऑपरेशन मैनेजर मुहम्मद फहद ने बताया कि बचाव दल लगातार राहत एवं खोज अभियान चला रहे हैं। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफ़राज बुगती ने खान एवं खनिज विभाग से तत्काल रिपोर्ट तलब करते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
खनिज मंत्री मीर शोएब नोशिरवानी ने मृतक खनिकों के परिजनों को 5 लाख रुपये तथा घायलों को 3 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि क्वेटा से लगभग 40 किलोमीटर पूर्व स्थित सोरेंज क्षेत्र में पहले भी कई बार कोयला खदान दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।