नालंदा में मिड-डे मील खाने से 34 बच्चे बीमार, प्रिंसिपल निलंबित
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय, परासी में मिड-डे मील खाने
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय, परासी में मिड-डे मील खाने के बाद 34 बच्चों के बीमार पड़ने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने स्कूल के प्रिंसिपल शैलेंद्र कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं, स्कूल में खाना बनाने वाली तीन रसोइयों मंटू देवी, शारदा देवी और नीपू देवी को हटा दिया गया है।
मंगलवार को स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 17 छात्र और 17 छात्राएं बीमार पड़ गए थे। सभी बच्चों को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत में सुधार बताया गया और उन्हें घर भेज दिया गया।
मामले में आरोप है कि मिड-डे मील में नमक की जगह कथित तौर पर डिटर्जेंट पाउडर मिला दिया गया था। हालांकि, प्रशासन ने खाने में डिटर्जेंट पाउडर मिले होने की बात से इनकार किया है। शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।