पाकिस्तान में दर्दनाक बस हादसा: बलूचिस्तान में खाई में गिरी यात्री बस, 40 लोगों की मौत, 8 घायल
क्वेटा: पाकिस्तान के बलूचिस्तान और ख़ैबर पख्तूनख़्वा की सीमा पर स्थित दाना सर क्षेत्र में
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
क्वेटा: पाकिस्तान के बलूचिस्तान और ख़ैबर पख्तूनख़्वा की सीमा पर स्थित दाना सर क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक यात्री बस गहरी खाई में गिरने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य यात्री घायल हो गए।
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारियों के अनुसार, हादसा शेरानी जिले के दाना सर इलाके में हुआ। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता ने बताया कि बस क्वेटा से पेशावर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस में निर्धारित यात्रियों के अलावा दूसरी खराब हुई बस के कुछ यात्रियों को भी बैठाया गया था, जिससे वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के सहायक शाहिद रिंद ने हादसे में 40 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दुर्घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार और अधिक यात्रियों के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।