कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, 5 की मौत; 20 घायल
कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया,
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के समय गोदाम में करीब 40 मजदूर काम कर रहे थे और कई लोग मलबे में फंस गए। राहत एवं बचाव कार्य जारी है, जिसमें पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन दल के साथ सेना की भी मदद ली जा रही है।
राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के सहायक आयुक्त के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सुपरवाइज़र समेत सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह गोदाम एक निजी संस्था द्वारा 30 साल की लीज पर ली गई जमीन पर चाय भंडारण के लिए बनाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में निर्माण के नक्शे में अनियमितताओं की बात सामने आई है, जिसे कोलकाता नगर निगम ने इस वर्ष 17 जनवरी को मंजूरी दी थी।
मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा करते हुए कहा कि निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और नक्शों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके बाद नगर क्षेत्र में सभी निर्माणाधीन इमारतों पर 31 जुलाई तक रोक लगा दी गई है। एक विशेष टीम सभी परियोजनाओं की समीक्षा कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे निर्माण कार्य की अनुमति दी जाएगी।