दिल्ली के रोहिणी में निर्माणाधीन 5 मंजिला इमारत ढही, एक की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी इलाके में एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी इलाके में एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
यह हादसा रोहिणी के सेक्टर-16 स्थित पॉकेट जी-5 एमसीडी स्कूल के पास शाम करीब 4:26 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया।
रोहिणी के डीसीपी ने बताया कि अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मलबे में कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है और उन्हें निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
स्थानीय पार्षद प्रदीप मित्तल ने कहा कि निर्माणाधीन इमारत गिरने से कई लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान रेस्क्यू ऑपरेशन पर है। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही बारिश के बीच हुए इस हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बचाव कार्य में बाधा न डालें और घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से समय-समय पर स्थिति की जानकारी साझा की जा रही है।