शामली में पुलिस मुठभेड़: अंकित बालियान हत्याकांड के दो इनामी आरोपी ढेर, दोनों पर था 50-50 हजार रुपये का इनाम
शामली। थाना कोतवाली शामली क्षेत्र में सोमवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
शामली। थाना कोतवाली शामली क्षेत्र में सोमवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों संदिग्ध गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृत आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र स्वर्गीय महेश, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी बईयापुर खुर्द, थाना सदर, जनपद सोनीपत, हरियाणा तथा सुमित पुत्र धर्मपाल, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी कुंडली, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों मूल रूप से सोनीपत जनपद के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।
अंकित बालियान हत्याकांड में थे वांछित
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपी अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे। दोनों आरोपियों पर पुलिस की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अंकित बालियान हत्याकांड में दोनों की क्या भूमिका थी और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। इस संबंध में शामली के पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने जानकारी दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
इनपुट: शामली पुलिस