रायपुर कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक: प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने एक प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग के भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रोफेसर ने सीलबंद प्रश्नपत्र के लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छेद कर एंडोस्कोपी कैमरा अंदर डालकर प्रश्नपत्र का वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो के आधार पर प्रश्नपत्र की नकल तैयार की गई और उसे कथित तौर पर 11 हजार रुपये में कॉलेज के तीन छात्रों को बेचा गया।
विश्वविद्यालय में 7 और 20 अगस्त को होने वाली स्नातक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र पहले ही लीक हो गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय से जुड़े 28 कृषि कॉलेजों की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं।
मामले में अपराध दर्ज होने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान राज्य के कई जिलों में टीमें भेजी गईं और लगातार कार्रवाई के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।