असम में बाढ़ का कहर जारी, 631 गांव अब भी जलमग्न; 4.45 लाख से अधिक लोग प्रभावित
असम में बाढ़ का संकट अभी भी जारी है। छह जिलों के 631 गांव जलमग्न हैं और 4.45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग लापता हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन ऊपरी असम के कई इलाकों में सामान्य स्थिति लौटने में अभी कई महीने लग सकते हैं।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार के बावजूद संकट पूरी तरह टला नहीं है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग (ASDMA) की सोमवार देर शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के छह जिलों के 631 गांव अब भी बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। बाढ़ से 4.45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं और हजारों परिवार राहत शिविरों व सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं।
रिपोर्ट के अनुसार ऊपरी असम के तीन जिलों में हालात सबसे अधिक गंभीर बने हुए हैं। स्थानीय प्रशासन का अनुमान है कि इन इलाकों में सामान्य स्थिति बहाल होने में कई महीने लग सकते हैं, क्योंकि बड़े पैमाने पर सड़कें, पुल, कृषि भूमि और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ से अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार आई बाढ़ से हजारों हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गई हैं और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 50 वर्षों में, विशेषकर ऊपरी असम में, इतनी भीषण बाढ़ पहले कभी नहीं देखी गई। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में नावों के माध्यम से लोगों तक खाद्य सामग्री, पेयजल और आवश्यक दवाइयां पहुंचाने में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने तथा सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।