मेरठ: ललिता गौतम मामले के प्रदर्शन में 7 गिरफ्तार, 16 नामजद समेत 25-50 अज्ञात पर FIR
मेरठ: मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
मेरठ: मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर बिना अनुमति भीड़ जुटाने, सड़क जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने के आरोप हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अंकित, अरविंद, रवि, ऋतिक, नवनीत, हिमांशु और लवि उर्फ शुभम शामिल हैं। पुलिस ने इनके अलावा 16 नामज़द इसी में है तथा 25 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
ललिता गौतम हत्याकांड में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 8 जुलाई को दलित समाज के लोगों ने मेरठ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपी अंकुश कुमार के साथ साथ अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरना दिया और कई घंटों तक गेट बंद रखा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम करने की कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि स्थिति बिगड़ने पर हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया गया।
इस दौरान एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय द्वारा नोएडा निवासी रवि गौतम को थप्पड़ मारने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
मेरठ पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने का पूरा प्रयास किया गया, लेकिन कुछ लोगों ने बिना अनुमति भीड़ जुटाई, सड़क जाम की, सरकारी कार्य में बाधा डाली और पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इसी आधार पर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के गगन एन्क्लेव निवासी 20-21 वर्षीय बीए अंतिम वर्ष की छात्रा ललिता गौतम 15 मई 2026 को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। अगले दिन रोहटा थाना क्षेत्र के शिरोरे गांव के पास जंगल/गन्ने के खेत में उनका शव बरामद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि ललिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी अंकुश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि परिजन और प्रदर्शनकारी अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन स्थल पर स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। मामले की जांच जारी है और एफआईआर में नामजद व अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।