कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 169 लोगों की मौत
पेरेइरा और कैली में सबसे ज्यादा नुकसान, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका; देश में आपातकाल घोषित
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
बोगोटा। कोलंबिया में आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। हादसे में अब तक कम से कम 169 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालात को देखते हुए सरकार ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा के मुताबिक, भूकंप का केंद्र चोको प्रांत में जमीन से करीब 103 किलोमीटर की गहराई में था। इसके तेज झटके पश्चिमी कोलंबिया के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। पड़ोसी देशों वेनेजुएला, इक्वाडोर और पनामा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप से कॉफी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध पेरेइरा शहर और आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, पेरेइरा और आसपास के क्षेत्रों में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है और 65 इमारतें ढह गई हैं।
वहीं, पेरेइरा से करीब 160 किलोमीटर दक्षिण में स्थित कैली शहर में भी व्यापक नुकसान हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक यहां 32 इमारतें ढह गई हैं। भूकंप के कारण कैली में एक अस्पताल की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है।
बचाव अभियान जारी
भूकंप के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। बचाव दल ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।