राजस्थान: दौसा में बस और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, 8 लोगों की मौत, 15 घायल
दौसा | राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया।
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
दौसा | राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक स्लीपर बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। स्लीपर बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओवरटेक के दौरान दोनों वाहन आपस में टकरा गए और सड़क किनारे पहुंच गए।
दौसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित ने बताया कि टक्कर के बाद कुछ यात्री समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन कई लोग बस में फंस गए। आग लगने से छह लोगों की मौत हुई, जबकि दो लोगों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई।
जिला कलेक्टर सौम्या झा के अनुसार, करीब 25 यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। प्रशासन और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।