बेंगलुरु में पत्थर खदान हादसा: चट्टान ढहने से 8 मजदूरों की मौत
बेंगलुरु, गुरुवार। कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण तालुक में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में ग्रेनाइट की विशाल चट्टान ढहने
8NewsNetwork

बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मडापट्टना क्षेत्र स्थित पत्थर खदान में ग्रेनाइट की विशाल चट्टान ढहने के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी बचाव टीम। इस हादसे में आठ दिहाड़ी मजदूरों की मौत हो गई।
बेंगलुरु, गुरुवार। कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण तालुक में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में ग्रेनाइट की विशाल चट्टान ढहने से आठ मजदूरों की मौत हो गई। यह दुर्घटना बेंगलुरु शहरी और बेंगलुरु दक्षिण जिले की सीमा से सटे मडापट्टना क्षेत्र स्थित एक पत्थर खदान में हुई।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय सभी मजदूर एक स्टोन क्रशर इकाई में दिहाड़ी मजदूर के रूप में कार्य कर रहे थे। अचानक ग्रेनाइट की बड़ी चट्टान ढह गई, जिससे सभी मजदूर उसके नीचे दब गए। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन सभी आठ मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर की खदान में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है तथा दुर्घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।