राम मंदिर के दानपात्र से चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपी न्यायिक हिरासत में, 80 लाख रुपये बरामद
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकदी और आभूषणों की कथित चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकदी और आभूषणों की कथित चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को अदालत ने सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने बताया कि अब तक आरोपियों के पास से लगभग 80 लाख रुपये की बरामदगी की जा चुकी है।
अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा के अनुसार, श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर के दानपात्रों में चढ़ाई गई धनराशि और आभूषणों में कथित रूप से गड़बड़ी की गई। जांच में सामने आया कि ट्रस्ट से जुड़े कुछ कर्मचारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए चढ़ावे में हेराफेरी और चोरी की। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी सुभाष श्रीवास्तव को छोड़कर अन्य सभी आरोपियों के पास से कुल 79 लाख 85 हजार 493 रुपये बरामद किए गए हैं। प्रत्येक आरोपी के पास से अलग-अलग मात्रा में नकदी मिली है।
यह मामला उस समय सामने आया जब विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार देर शाम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर राम जन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कर्मचारी द्वारा चोरी, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, करुणेश पांडे और रामशंकर मिश्रा।
जांच जारी:
पुलिस और एसआईटी इस बात की भी जांच कर रही है कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी कितने समय से चल रही थी और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।