सागर में संदिग्ध जहरीली शराब से 9 लोगों की मौत, 25 बीमार
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में संदिग्ध जहरीली
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कम से कम 9 लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 25 लोगों को बीमार हालत में इलाज के लिए रेफर किया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सागर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवेश पटेरिया ने बताया कि अब तक 9 से 10 मौतों की सूचना सामने आई है। तीन गांवों में डॉक्टरों की टीमें तैनात कर घर-घर जाकर बीमार लोगों की पहचान और स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने जहरीली शराब की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जिलाधिकारी प्रतिभा पाल के मुताबिक, नूरा और घुघरू समेत आसपास के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन करने वाले और किसी भी तरह के लक्षण महसूस करने वाले लोग तत्काल जांच कराएं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को सरकार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य में शराब माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।