कोलकाता के होटल में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार देर
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात एक होटल में भीषण आग लगने से एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी की मौत दम घुटने से हुई है। छह अन्य लोगों का इलाज एसएसकेएम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है।
फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग रात करीब दो बजे होटल की तीसरी मंजिल पर लगी। देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया और आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और न्यू मार्केट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगते ही होटल की लिफ्ट बंद हो गई, जिससे वहां ठहरे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग कमरों में फंस गए और धुएं के कारण बेहोश हो गए।
फायर ब्रिगेड सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी हो सकते हैं, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे। हालांकि पुलिस ने अभी मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोमवार तड़के बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित एक होटल में भी आग लगने से नौ लोगों की मौत हुई थी।