शोषित क्रांति दल की शिकायत का एडी बेसिक ने लिया संज्ञान, BSA हापुड़ से एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट!
मेरठ/हापुड़: शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत की शिकायत का
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
मेरठ/हापुड़: शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत की शिकायत का मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) ऐश्वर्या लक्ष्मी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) हापुड़ दीपा भाटी को पत्र जारी कर मामले में एक सप्ताह के भीतर कृत कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि बुधवार को शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय हसनपुर, धौलाना के प्रभारी प्रधानाध्यापक तस्नीम अली खान के खिलाफ एडी बेसिक ऐश्वर्या लक्ष्मी को शिकायती पत्र सौंपा था।
शिकायत में प्रभारी प्रधानाध्यापक पर मिड-डे मील में अनियमितता, बच्चों को निर्धारित खुराक से कम भोजन देने, विद्यालय में शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने, जर्जर भवन की सूचना उच्च अधिकारियों को नहीं देने, घायल छात्र का उचित इलाज नहीं कराने और जातीय आधार पर भेदभाव करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शोषित क्रांति दल का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। साथ ही विद्यालय की जर्जर स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत में घायल छात्र के इलाज में लापरवाही और विद्यालय में जातीय भेदभाव के आरोपों की भी जांच की मांग की गई है।
अब एडी बेसिक द्वारा शिकायत का संज्ञान लिए जाने के बाद BSA हापुड़ मामले में आवश्यक कार्रवाई कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। रिपोर्ट आने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों पर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।