भोपाल: त्विषा शर्मा मौत मामले में पति और पूर्व जज सास के खिलाफ CBI की चार्जशीट
भोपाल। 33 वर्षीय त्विषा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उनके पति समर्थ सिंह और सास
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
भोपाल। 33 वर्षीय त्विषा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। गिरिबाला सिंह पूर्व जज हैं। CBI ने दोनों पर दहेज मृत्यु, क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं।
चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। CBI ने मजिस्ट्रेट से आगे की जांच की अनुमति भी मांगी है। परिवार के वकील अंकुर पांडे के मुताबिक, नए सबूत या अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर CBI सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर सकती है।
क्या है मामला?
त्विषा शर्मा का शव 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके घर में मिला था। उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। मौत के बाद त्विषा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में त्विषा के शरीर पर छह चोटों का जिक्र किया गया था, जबकि मौत की वजह फांसी बताई गई थी। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश पर 24 मई को दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम ने उनका दूसरा पोस्टमार्टम किया था।
इसके बाद मध्य प्रदेश सरकार की अनुशंसा पर मामले की जांच CBI को सौंप दी गई थी। अब CBI ने जांच के आधार पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।