स्कूल ठीक करो अभियान के दौरान CJP टीम पर हमले का आरोप, NHRC से निष्पक्ष जांच की मांग
जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के दौरान CJP
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के दौरान CJP टीम के साथ कथित मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। CJP के अनुसार, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के नेतृत्व में टीम 21 अगस्त को गांव के सरकारी विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने पहुंची थी।
CJP का आरोप है कि स्कूल की बदहाल स्थिति और सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर अभियान के दौरान भाजपा से जुड़े लोगों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की। आरोपों के मुताबिक, टीम पर पथराव किया गया और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। आशुतोष रांका के साथ मारपीट, उनके कपड़े फाड़ने तथा मोबाइल फोन तोड़ने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
CJP ने महिला कार्यकर्ता रेखा के साथ कथित मारपीट और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि अन्य कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट तथा एक महिला कार्यकर्ता से दुर्व्यवहार की शिकायत सामने आई है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता आदेश प्रधान गुर्जर ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों की स्थिति का जायजा लेना और बेहतर सुविधाओं की मांग करना जनहित का विषय है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे उठाने वाले नागरिकों या सामाजिक संगठनों के साथ हिंसा नहीं होनी चाहिए।
अधिवक्ता आदेश प्रधान गुर्जर ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में शिकायत भेजकर मामले का तत्काल संज्ञान लेने, राजस्थान सरकार एवं पुलिस से रिपोर्ट तलब करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने CCTV फुटेज, मोबाइल वीडियो, सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सुरक्षित कराने की मांग भी की है।
उन्होंने आरोपियों की निष्पक्ष जांच के बाद पहचान कर FIR दर्ज करने, कानून के अनुसार कार्रवाई करने तथा आशुतोष रांका, रेखा और अन्य पीड़ित कार्यकर्ताओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।