मेरठ: अखिलेश यादव के विवादित बैनरों के खिलाफ सपा नेताओं ने DM को सौंपा ज्ञापन, जांच और कार्रवाई की मांग
मेरठ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
मेरठ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर मेरठ के भूड़बराल, परतापुर समेत अन्य स्थानों पर लगाए गए विवादित एवं आपत्तिजनक बैनरों के खिलाफ सपा नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने बैनरों की तत्काल जांच, उन्हें हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि संबंधित बैनर पोल और होर्डिंग की वैधता की जांच कराई जाए। यदि इनके लिए अनुमति प्राप्त है, तो यह भी सत्यापित किया जाए कि नगर निगम द्वारा निर्धारित शुल्क नियमानुसार जमा किया गया है या नहीं। साथ ही, बिना अनुमति लगाए गए बैनर-पोल और होर्डिंग के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सपा लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष शशिकांत गौतम ने कहा कि, “जनपद मेरठ में राजनीतिक व्यक्तित्व के संबंध में विवादित एवं आपत्तिजनक बैनर लगाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थानों का दुरुपयोग कर सामाजिक एवं राजनीतिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती।”
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनुज भड़ाना ने कहा कि, “मेरठ में लगाए गए विवादित बैनरों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। प्रशासन यह भी स्पष्ट करे कि इन बैनरों को लगाने की अनुमति किसने दी और संबंधित बैनर पोल-होर्डिंग के लिए निर्धारित शुल्क जमा किया गया है या नहीं। नियम सभी के लिए समान होने चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।”
आकाश भड़ाना ने कहा कि, “विवादित बैनरों के माध्यम से जनभावनाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन को बिना किसी राजनीतिक दबाव के पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करनी चाहिए तथा अवैध रूप से लगाए गए बैनरों को तत्काल हटवाना चाहिए।”
इस दौरान महानगर अध्यक्ष अनुसूचित प्रकोष्ठ राहुल वर्मा, रविन्द्र प्रेमी, हरप्रीत आहुजा, कुलदीप कोठारी, नेत्रपाल सिंह और अनिल वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।