आइसलैंड के लोगों ने EU में शामिल होने की बातचीत फिर शुरू करने का प्रस्ताव ठुकराया
रिक्याविक: आइसलैंड के लोगों ने यूरोपीय यूनियन (EU) में शामिल होने के लिए बातचीत दोबारा शुरू करने के सरकार के प्रस्ताव को
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
रिक्याविक: आइसलैंड के लोगों ने यूरोपीय यूनियन (EU) में शामिल होने के लिए बातचीत दोबारा शुरू करने के सरकार के प्रस्ताव को जनमत संग्रह में खारिज कर दिया है। जनमत संग्रह के नतीजों के मुताबिक, 52.8 प्रतिशत लोगों ने बातचीत फिर शुरू करने के खिलाफ वोट किया, जबकि 47.2 प्रतिशत लोगों ने इसके समर्थन में मतदान किया। दोनों पक्षों के बीच करीब 12,600 वोटों का अंतर रहा।
आइसलैंड के पब्लिक ब्रॉडकास्टर आरयूवी के मुताबिक, जनमत संग्रह में 2.25 लाख से अधिक लोगों ने मतदान किया। करीब 4 लाख की आबादी वाले इस देश में लगभग 2.70 लाख लोग मतदान के पात्र थे। कुल 82.5 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2009 के बाद आइसलैंड में किसी भी चुनाव में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
आइसलैंड की सेंटर-लेफ्ट सरकार ने पहले 2027 तक इस मुद्दे पर जनमत संग्रह कराने का वादा किया था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और बदलते हालात को देखते हुए सरकार ने इसे तय समय से पहले कराने का फैसला किया।
जनमत संग्रह का सवाल यह था कि क्या आइसलैंड को यूरोपीय संघ की सदस्यता को लेकर बातचीत दोबारा शुरू करनी चाहिए। मतदाताओं के बहुमत ने इस प्रस्ताव को नकार दिया। इससे फिलहाल आइसलैंड के EU में शामिल होने की दिशा में बातचीत दोबारा शुरू करने की संभावना टल गई है।