मेरठ: शोषित क्रांति दल के धरने और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के हस्तक्षेप के बाद वंश कुशवाहा हत्या मामले में हत्या की नामजद FIR दर्ज
मेरठ: वंश कुशवाहा हत्या मामले में थाना जानी पुलिस ने हत्या की नामजद एफआईआर दर्ज की है।
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
मेरठ। 15 वर्षीय वंश कुशवाहा की मौत के मामले में थाना जानी पुलिस ने हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शोषित क्रांति दल ने इसे पीड़ित परिवार के संघर्ष और अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 28 मई 2026 को वंश कुशवाहा को उसके दोस्त हर्ष और सुमित घर से अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि दोनों ने भोले की झाल की नहर में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि घटना के बावजूद पुलिस हत्या की एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी।
मामला शोषित क्रांति दल के संज्ञान में आने के बाद संगठन ने पीड़ित परिवार के समर्थन में आंदोलन शुरू किया। गत शुक्रवार को कमिश्नरी पार्क में एसकेडी कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार के साथ लगभग पांच घंटे तक धरना देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
इसके बाद मंगलवार को शोषित क्रांति दल का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत के नेतृत्व में पीड़ित परिवार को लेकर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। एसकेडी के अनुसार, आयोग की अध्यक्ष ने अपने सचिव को आख्या सहित मेरठ के पुलिस कप्तान को बुलाने के निर्देश दिए।
शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत ने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सख्त रुख को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
संगठन ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पीड़ित और वंचित लोगों की आवाज उठाने का कार्य करता रहेगा।