बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर युवक को गोली मारने का आरोप, FIR दर्ज
छतरपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
छतरपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर एक युवक को गोली मारने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक की पहचान मोतीलाल कुशवाहा के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके शरीर से गोली निकाली। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में दो पक्षों के बीच विवाद और एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच और एक्स-रे में युवक को गोली लगने की पुष्टि हुई है। मामले में शालिग्राम गर्ग, सतीश, आशीष और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की जा रही है। घटना से जुड़े वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
घायल युवक ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस को दिए बयान में मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचे, उन्हें बाहर खींचकर लाठी-डंडों से पीटा और उसके बाद कई राउंड फायरिंग की। उनका दावा है कि एक गोली उनके सीने में लगी।
मोतीलाल ने यह भी आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग इलाके के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाते हैं और विरोध करने वालों के साथ मारपीट तथा धमकी दी जाती है।
वायरल वीडियो की जांच
घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग भागते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि घायल युवक के परिजन उनका पीछा करते नजर आते हैं। वीडियो के एक हिस्से में एक व्यक्ति के हाथ में हथियार जैसी वस्तु भी दिखाई देती है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
अभी तक नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
इस मामले में अब तक शालिग्राम गर्ग, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री या बागेश्वर धाम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं शालिग्राम गर्ग
शालिग्राम गर्ग का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है।
2023 में उन पर एक दलित समुदाय की लड़की की शादी के दौरान पिस्टल लहराने, धमकी देने और मारपीट का आरोप लगा था। इस मामले में एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
2024 में सागर जिले के एक टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों के साथ मारपीट के आरोप में भी उनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।